शेखुपरा में स्कूली बच्चों ने ऐसे बचाई इंसानियत की उम्मीद
शेखुपरा में स्कूली बच्चों ने ऐसे बचाई इंसानियत की उम्मीद
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए स्कूली बच्चों ने जुटाए 10 हजार, मुख्यमंत्री राहत कोष में दी सहयोग राशि
शेखपुरा : बाढ़ ने हजारों परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दीं, लेकिन इस संकट के बीच चेवाड़ा के स्कूली बच्चों ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। पीड़ितों की परेशानी को महसूस करते हुए बच्चों ने अपनी ओर से 10 हजार रुपये जुटाए और मुख्यमंत्री राहत कोष में सहयोग के रूप में सौंप दिए।
+2 श्री कृष्ण उच्च विद्यालय, चेवाड़ा के विद्यार्थियों और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स ने स्वेच्छा से यह राशि जुटाई। शनिवार को विद्यालय के प्रभारी पदाधिकारी अशोक कुमार, शिक्षक नीरज कुमार तथा स्काउट्स एंड गाइड्स की सदस्य खुशबू कुमारी और रागनी कुमारी ने अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान को 10 हजार रुपये का चेक सौंपा।
बच्चों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि मदद के लिए उम्र या सामर्थ्य बड़ी चीज नहीं, बल्कि संवेदना जरूरी है। जिन हाथों में किताबें और कलम हैं, उन्हीं हाथों ने आपदा में परेशान लोगों के लिए मदद का हाथ भी बढ़ाया है।
विद्यालय के प्रभारी पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की परेशानी को देखते हुए विद्यालय परिवार और स्काउट्स-गाइड्स के कैडेट्स ने स्वेच्छा से सहयोग करने का निर्णय लिया। अपर समाहर्ता ने बच्चों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता समाज के अन्य लोगों को भी पीड़ितों की सहायता के लिए प्रेरित करेगी।
बाढ़ की त्रासदी के बीच बच्चों का यह छोटा सा सहयोग प्रभावित परिवारों के लिए भले बड़ी रकम न हो, लेकिन समाज को जोड़ने और दूसरों की मदद के लिए आगे बढ़ने का बड़ा संदेश जरूर देता है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!