कश्मीरी युवक की कैसे हुई मौत, क्या करने आया था बिहार
कश्मीरी युवक की कैसे हुई मौत, क्या करने आया था बिहार
थैले में मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक से हुई पहचान, परिजनों को दी गई सूचना; ट्रेन से गिरने की आशंका
शेखपुरा।
असम में नौकरी करने वाला जम्मू-कश्मीर का 28 वर्षीय युवक आखिर शेखपुरा कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? घर लौटने के दौरान उसके साथ क्या हुआ? इन सवालों के बीच सोमवार को अरियरी थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला किऊल-गया रेलखंड पर सहनौरा रेलवे फाटक से करीब 200 मीटर पूरब का है। सोमवार को रेल पटरी के किनारे शव पड़े होने की सूचना पर अरियरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि शुरुआत में उसकी पहचान करना आसान नहीं था। घटनास्थल पर आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने जब शव के आसपास तलाशी ली तो एक थैला बरामद हुआ। इसी थैले में छिपे दस्तावेजों ने मृतक की पहचान का रास्ता खोल दिया।
थैले में मिले दस्तावेजों ने खोला पहचान का राज
पुलिस ने बरामद थैले की तलाशी ली तो उसमें कुछ कपड़ों के साथ पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और भारतीय स्टेट बैंक की बैंक पासबुक मिली। इन दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के डोडा जिला निवासी शाम सिंह के पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई। युवक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
असम से घर लौटते समय हुआ हादसा?
अरियरी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजकुमार साह के अनुसार, युवक असम में नौकरी करता था और अपने घर लौट रहा था। प्रथम दृष्टया आशंका है कि किऊल-गया रेलखंड से गुजरने वाली किसी ट्रेन में सफर के दौरान वह रात में अथवा सोमवार की अहले सुबह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया होगा। रेलवे ट्रैक पर गिरने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पास से मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर उसके परिवार को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू की गई। बाद में परिवार को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शेखपुरा भेज दिया है।
कई सवालों का जवाब पोस्टमार्टम और जांच से मिलेगा
असम से जम्मू-कश्मीर लौट रहे युवक का शव बिहार के शेखपुरा में रेलवे पटरी के किनारे मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। वह किस ट्रेन से सफर कर रहा था? हादसा किस समय हुआ? क्या वह दुर्घटनावश ट्रेन से गिरा या इसके पीछे कोई दूसरी परिस्थिति थी? फिलहाल पुलिस इसे ट्रेन से गिरने की आशंका से जोड़कर देख रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!