बरबीघा में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग
बरबीघा में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग
बरबीघा
बरबीघा में एक निजी क्लिनिक में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो जाने के बाद बुधवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार बरबीघा मुख्य बाजार स्थित डॉ. मंजू भदानी क्लिनिक में एक महिला की सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। मृतका लखीसराय के डकरा गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जो फिलहाल अपने भाभी के घर सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला में रह रही थी। महिला के पहले से दो बच्चे थे, जबकि बुधवार को तीसरे बच्चे का जन्म हुआ, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मृतका की भाभी धर्मशिला देवी ने बताया कि मंगलवार की शाम प्रसव पीड़ा होने पर महिला को पहले बरबीघा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात भर कोई सुधार नहीं होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने सिजेरियन ऑपरेशन कर बच्चे को निकालने की बात कही।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद बच्चा तो सुरक्षित था, लेकिन उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया जा रहा था। शक होने पर जब परिजन जबरन अंदर गए तो महिला बेहोश पड़ी थी और शरीर में कोई हलचल नहीं थी। हंगामा होने पर डॉक्टर को बुलाया गया, जिसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मिशन ओपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में अवैध क्लिनिकों में लगातार मरीजों की मौत हो रही है, इसके बावजूद जिला प्रशासन कड़ा एक्शन नहीं ले रहा है। घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!