शेखपुरा: पीएनजी गैस लगाने की DM की अपील
शेखपुरा: पीएनजी गैस लगाने की DM की अपील
शेखपुरा
जिले में स्वच्छ और सुलभ ऊर्जा विकल्पों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी शेखर आनंद ने शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पाइप नेचुरल गैस (PNG) के प्रसार पर चर्चा करना और आम नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कहा कि पीएनजी गैस न केवल सुरक्षित है, बल्कि यह घरेलू महिलाओं को बार-बार गैस सिलेंडर बुक करने और बदलने की परेशानी से भी मुक्ति दिलाती है। उन्होंने इसे “स्वास्थ्य, बचत और सुरक्षा की कुंजी” बताया। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अधिकारियों ने भी भाग लिया और पीएनजी गैस के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी के माध्यम से घरों तक पाइपलाइन के जरिए 24 घंटे गैस की आपूर्ति संभव है, यह सिलेंडर की तुलना में अधिक किफायती है और इसका उपयोग भी आसान है। इसके साथ ही ऑनलाइन बिलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें उपभोक्ताओं को केवल उतनी ही राशि का भुगतान करना होता है जितनी गैस का उपयोग किया गया है।
इस दौरान जमुई, शेखपुरा और देवघर के निवासियों के लिए शहरी गैस वितरण से जुड़ी विशेष योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कंपनी की ओर से बताया गया कि दो प्रमुख योजनाओं—स्कीम A5 और स्कीम B5—के तहत पंजीकरण शुरू किया गया है। स्कीम A5 में कुल ₹6500 का भुगतान करना होगा, जिसमें रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल है। वहीं स्कीम B5 में शुरुआती भुगतान कम रखा गया है और शेष राशि ₹500 प्रति बिल की किस्तों के माध्यम से दो वर्षों में जमा की जा सकती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि शेखपुरा के इच्छुक निवासी अपने पहचान पत्र और पते के प्रमाण के साथ पंजीकरण करा सकते हैं। इंडियन ऑयल ने कॉलेज मोड़, शेखपुरा में भी अपना कार्यालय स्थापित किया है, जहां लोग जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800 180 7788 या स्थानीय मोबाइल नंबर 9031007542 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में लोगों से स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा के इस विकल्प को अपनाने की अपील की गई।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!