नीट परीक्षा में जान गंवाने वाले छात्रों को दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग उठाई
नीट परीक्षा में जान गंवाने वाले छात्रों को दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग उठाई
शेखपुरा।
नीट परीक्षा 2026 से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं की स्मृति में सोमवार को शेखपुरा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से टाउन हॉल के समीप श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव एवं जिला युवा कांग्रेस के नेता पिंटू कुमार ने किया। सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, छात्रों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसके बाद सभी ने कैंडल जलाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस नेता जितेंद्र नाथ पटेल ने कहा कि नीट परीक्षा 2026 से जुड़ी दुखद घटनाएं पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का जीवन किसी परीक्षा से अधिक महत्वपूर्ण है और सरकार को शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि आंदोलन के दौरान छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के सम्मान, न्याय और सुरक्षित भविष्य के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने कहा कि यह श्रद्धांजलि सभा केवल शोक प्रकट करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के सम्मान और न्याय की मांग का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि नीट परीक्षा से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए। वहीं युवा कांग्रेस नेता पिंटू कुमार ने कहा कि देश का युवा न्याय चाहता है और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण किया और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेह एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस नेता राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद यादव, दीपक कुमार, गोरेलाल कुशवाहा, दानी प्रसाद, सरवन सिंह, अफसर खान, संजय मांझी, दीपक वकील, गौतम साह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक मौजूद रहे।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!