डीएम-एसपी ने किया रक्तदान, लोगों से की महादान अभियान से जुड़ने की अपील
डीएम-एसपी ने किया रक्तदान, लोगों से की महादान अभियान से जुड़ने की अपील
शेखपुरा, 14 जून।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को शेखपुरा सदर अस्पताल परिसर में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यह रहा कि दोनों शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने जिलेवासियों से नियमित रूप से रक्तदान करने और मानवता की सेवा में भागीदारी निभाने की अपील की।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कई रक्तदाताओं को मेडल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सम्मान से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताया कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। शिविर में सदर अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!